Breaking News

BJP कार्यालय पर मिस्ड कॉल के माध्यम से सदस्यता अभियान का शुभारंभ

भाजपा कार्यालय पर मिस्ड कॉल के माध्यम से सदस्यता अभियान का शुभारंभ

टेकचंद्र सनोडिया शास्त्री: सह-संपादक रिपोर्ट

छिंदवाड़ा ।भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व सदस्यता अभियान- 2024 अंतर्गत छिंदवाड़ा पांडुरना लोकसभा में साढ़े 4 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है और छिंदवाड़ा जिले में साढ़े 3 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य है । मध्यप्रदेश में डेढ़ करोड़ व देशभर में 10 करोड़ नए सदस्य बनाए जाएंगे। भाजपा की सदस्यता मिस्ड कॉल नंबर -8800002024, क्यूआर कोड, रेफरल कोड, चैटबॉथ, नमो एप व पार्टी की वेबसाइट के माध्यम से ली जा सकेगी। 100 सदस्य बनाने पर सक्रिय सदस्य बनने की पात्रता मिलेगी। सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, नप अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व पार्टी पदाधिकारियों के लिए अलग से लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। भाजपा का सदस्यता अभियान छह वर्ष में एक बार चलाया जाता है।

यह बात सांसद श्री विवेक बंटी साहू ने गुरुवार को छिंदवाड़ा जिले के सदस्यता अभियान के शुभारंभ अवसर पर पत्रकारवार्ता में कही। भाजपा जिला कार्यालय पर हुई पत्रकारवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विजय झांझरी, महापौर विक्रम अहाके, जिला मीडिया प्रभारी संदीपसिंह चौहान, अजय सक्सेना,रिजवान कुरैशी, सौरभ ठाकुर,अरविंद राजपूत, अर्पण मैद,दीपक कोल्हे मंचासीन थे। इस अवसर पर मिस्ड कॉल नंबर – 8800002024 के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधियों को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। सांसद विवेक बंटी साहू ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 सितंबर को नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के हाथों पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर देशभर में संगठन पर्व का शुभारंभ किया है। प्रधानमंत्री जी के सदस्य बनने के साथ देशभर में संगठन पर्व का शुभारंभ हो गया है। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश में 3 सितंबर को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं मप्र मंत्रीमंडल के सदस्यों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराकर प्रदेश में संगठन पर्व का शुभारंभ किया। आज प्रदेश में भाजपा के सभी 60 संगठनात्मक जिलों में पत्रकारवार्ता रख पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को सदस्यता दिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया है। इस संगठन पर्व का मुख्य उद्देश्य, देश में 10 करोड़ से अधिक लोगों को भारतीय जनता पार्टी का सदस्य बनाना है। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा घर-घर पहुंचकर सदस्यता अभियान को साकार करेगी। श्री साहू ने कहा 2014 से 2019 तक लगभग 18 करोड़ लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। कोरोना महामारी के कारण इस अभियान को रोका गया था, अब यह अभियान फिर से शुरू हो गया है और आगामी डेढ़ माह तक चलेगा। जब अमित शाह जी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे, उस समय वर्ष 2014-15 में लगभग 5 से 6 महीनों तक यह सदस्यता अभियान चलाया गया था, तब पूरे देश में लगभग 11 करोड़ लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी और भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है। इसी तरह वर्ष 2019 में भी कुछ समय के लिए यह सदस्यता प्रकिया प्रारंभ की गई थी, जिसमें लगभग 7 करोड़ लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। पत्रकारवार्ता का संचालन जिला मीडिया प्रभारी संदीपसिंह चौहान ने किया।

भाजपा के लिए राष्ट्र प्रथम

श्री साहू ने कहा भाजपा इस सदस्यता प्रक्रिया को संगठन पर्व कहती है, क्योंकि भाजपा के लिए राष्ट्र प्रथम है। उमंग और उत्साह के साथ यह पर्व शुरू हो गया है, जिसे साकार रूप पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता को करना है। संगठन महापर्व का प्रथम चरण 2 सितम्बर से शुरू हो चुका है और 24 सितंबर 2024 तक चलेगा। जबकि दूसरा चरण 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2024 तक रहेगा। सक्रिय सदस्यता अभियान 16 से 31 अक्टूबर 2024 तक चलेगा तथा प्राथमिक एवं सक्रिय सदस्यता रजिस्टर करने की तिथि 1 नवंबर से 10 नवंबर 2024 होगी। सदस्यता अभियान चार आयामों पर आगे बढ़ेगा। इसमें एक आयाम है मिस्ड कॉल 8800002024 जिसके माध्यम से लोग पार्टी से जुड़ सकेंगे। दूसरा आयाम है क्यूआर कोड। स्मार्ट फोन का उपयोग करने वाले लोग क्यूआर कोड के माध्यम से भाजपा के सदस्य बन सकते हैं। नमो एप के माध्यम से भी सदस्यता ग्रहण की जा सकती है। भाजपा की वेबसाइट के माध्यम से भी सदस्यता ग्रहण कर सकता है।

मूल उद्देश्य विचारधारा का विस्तार करना

भाजपा जिलाध्यक्ष श्री शेषराव यादव ने कहा कि सदस्यता अभियान का मूल उद्देश्य भाजपा की विचारधारा का विस्तार करना है। यह संगठन पर्व सर्वस्पर्शी होगा, जिसमें शीर्ष से बूथ स्तर तक सबको मौका दिया जाएगा कि वो पार्टी की सदस्यता ग्रहण करें। यह अभियान सर्वसमावेशी होगा, जिसमें सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र से हर वर्ग को भारतीय जनता पार्टी से जुडने का अवसर दिया जाएगा। छिंदवाड़ा जिले में साढ़े 3 लाख से अधिक सदस्य बनाने का लक्ष्य है। श्री यादव ने कहा यह भाजपा की लोकतांत्रिक प्रक्रिया ही है जो पार्टी को अन्य लगभग 1500 राजनीतिक दलों से अलग खड़ा करती है। 1984 में जब भाजपा केवल दो सीटें जीतकर आई थीं, तब पार्टी का उपहास किया जाता था, लेकिन विचारधारा, कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, संघर्ष और सदस्यता अभियान के कारण भाजपा आज प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सत्ता में आई है। जब जनसंघ विपक्ष बनकर उभरा, उस समय जिन दो राजनीतिक पार्टियों का अस्तित्व था ‘कांग्रेस और कम्युनिस्ट’ दोनों पार्टियों की विचारधारा, विदेशी विचारधारा पर थी। केवल भाजपा की विचारधारा ही इस माटी की उपज थी। भाजपा एक जीवंत पार्टी है और एक जीवंत पार्टी ही लोगों को पुनः यह निर्णय करने का मौका देती है कि आप राष्ट्र निर्माण में मोदीजी के नेतृत्व में पार्टी के साथ जुड़िये। भारत की किसी अन्य राजनीतिक पार्टी में इस तरह की लोकतांत्रिक प्रक्रिया नहीं है।

भाजपा का सदस्यता अभियान यानी अपने परिवार का विस्तार – शेषराव यादव

पत्रकारवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री शेषराव यादव ने कहा सदस्यता अभियान कर्मकांड नहीं है। हमारे लिए सदस्यता यानी, अपने परिवार का विस्तार है। हमारे परिवार में अगर किसी का जन्म होता है तो जितनी खुशी होती है। हमारे परिवार में शादी कर करके कोई बहु आती है तो परिवार के विस्तार का जो आनंद होता है, वो आनंद बीजेपी में जो कोई नया सदस्य बनता है, परिवार के विस्तार का आनंद होता है। यह सदस्यता अभियान आंकड़ों का खेल नहीं, कितने नंबर हम पार कर जाएंगे, ये नहीं है। ये सदस्यता अभियान एक पूर्ण रूप से वैचारिक आंदोलन भी है और भावनात्मक आंदोलन भी है। सदस्यता ये सिर्फ पार्टी का नंबर बढ़ाने के लिए नहीं, मेरी सदस्यता मेरे देश को मजबूत बनाने के लिए भी है और इसलिए मैं उन गांवों को किला बना के छोडूंगा। भाजपा के कार्यकर्ता का काम है कि उसे भारतीय जनता पार्टी में हमारा मेंबर बनाकर के साथी बना करके उसे, हम कहां से कहां देश को ले गए हैं, ये आत्मविश्वास से भरने की जरूरत है। 18 से 25 साल का नौजवान है। उसे हमने इस विचार से जोड़ना है, नेशन फर्स्ट के लिए जीने के लिए जोड़ना है

About विश्व भारत

Check Also

नोकरी लावण्यासाठी खडसेंनी घेतले पैसे?वाचा

काही दिवसांपासून एकनाथ खडसे उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस यांच्यावर आरोप करताना दिसत आहे. देवेंद्र फडणवीस आणि …

एकनाथ शिंदे और अजितदादा का राजनीतिक भविष्य संकट में!

एकनाथ शिंदे और अजितदादा का राजनीतिक भविष्य संकट में! टेकचंद्र सनोडिया शास्त्री: सह-संपादक रिपोर्ट पुणे। …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *