महाराष्ट्र को 60 महीने बाद दूंगा पाई-पाई का हिसाब? PM मोदी का दावा
टेकचंद्र सनोडिया शास्त्री:सह-संपादक की रिपोर्ट 9822550220
धुले: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विगत मंगलवार को महाराष्ट्र के सिंधखेड़ा में एक चुनावी रैली के दौरान पिछले कई दिनों से भाजपा और खुद पर हमलावर शिवसेना पर इशारों-इशारों में निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस तरह की झूठी बातें फैलाई जा रही हैं कि महाराष्ट्र से मुंबई को अलग किया जा सकता है। जब तक मैं दिल्ली में हूं कोई महाराष्ट्र के टुकड़े नहीं कर सकेगा। साथ ही उन्होंने कांग्रेस-एनसीपी को भी आड़े हाथ लिया और दोनों पार्टियों को झूठा करार दिया। कांग्रेस के बारे में मोदी ने कहा कि उसके नेता झूठ फैलाने के काम में लगे हैं। 60 साल तक देश पर राज करने वालों को मैं 60 महीने बाद पाई-पाई का हिसाब दूंगा।
शिवसेना पर निशाना: मोदी ने सभा के दौरान पिछले दो दिन से बीजेपी पर हमला बोल रही शिवसेना को इशारों से निशाने पर लिया। मोदी ने कहा, ‘कपास के लिए झूठ फैलाया। अब कहते हैं कि महाराष्ट्र के टुकड़े होने वाले हैं। इस देश में कौन ऐसा पैदा हुआ जो छत्रपति शिवाजी महाराज की धरती को बांट सके। कुछ लोग नया झूठ फैला रहे हैं कि मुंबई को छीनने वाले हैं। मुंबई के बिना महाराष्ट्र अधूरा है तो हिंदुस्तान महाराष्ट्र के बिना अधूरा है। जब तक मैं दिल्ली में बैठा हूं कोई महाराष्ट्र के टुकड़े नहीं कर सकेगा। जो पराजय के कगार पर खड़े हैं, वो अब कुछ भी झूठ बोल रहे हैं।’
60 महीने बाद दूंगा पाई-पाई का हिसाब: रैली में मोदी ने कहा,’ कांग्रेस ने देश पर 60 साल तक राज किया और खूब लूटा। अब वह हमसे 60 महीने का हिसाब मांग रही है। हमें सरकार चलाने दीजिए। 60 महीने पूरे होने पर मैं पाई-पाई का हिसाब दूंगा। हमने वादे चुनाव जीतने के लिए नहीं लोगों के विकास के लिए किए हैं।’ उन्होंने कहा, ‘मैं विकास के लिए प्रतिबद्ध हूं। मैंने बचपन से जो प्याज खाई, वो आपके पसीने से बना बनी प्याज खाई है। जिन किसानों ने बचपन से मुझे प्याज खिलाई, उनका भला करने के लिए दिल्ली में बैठी सरकार कभी कोई कमी नहीं रखेगी।’
कांग्रेस को बताया झूठा: कांग्रेस-एनसीपी की सरकार पर किसानों को लूटने का आरोप लगाते हुए मोदी ने कहा, ‘अगर महाराष्ट्र में बीजेपी की सरकार बनती है तो इसका सबसे ज्यादा फायदा किसानों को होगा। हम कांग्रेस की तरह झूठ नहीं बोलते हैं। महाराष्ट्र सरकार की गलत नीतियों ने कपास के किसानों की हालत खराब कर दी। आपकी इज्जत हमारी इज्जत है। हम कांग्रेस की तरह झूठे लोग नहीं है।’
वोटिंग की तारीख को मुक्ति दिवस बताया
मोदी ने कहा, ‘कीचड़ फेंकने की राजनीति करने वालों को याद रखना चाहिए कि जितना कीचड़ फेंकोगे उतना ही कमल खिलेगा। यह मेरे आदिवासियों का क्षेत्र है। आदिवासी नौजवान इंजीनियर बन सकते हैं, डॉक्टर बन सकते हैं। मैं उनकी जिंदगी बदलना चाहता हूं। 15 अक्टूबर को 15 साल के बाद पूरे महाराष्ट्र के लिए मुक्ति का दिवस है। 15 साल से जिन कठिनाइयों में महाराष्ट्र फंसा है, 15 अक्टूबर को मुक्ति का उत्सव है। 15 अक्टूबर गरीबी, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी से मुक्ति का अवसर है। उस अवसर को शानदार बनाने के लिए मैं आपके पास आया हूं।’
विश्वभारत News Website