मुंबई। एनसीपी-बीजेपी के संभावित गठबंधन पर टिप्पणी करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि राजनीति में चर्चा होती रहती है. साथ ही उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि महागठबंधन टिकेगा नही। महाराष्ट्र में एक बार फिर राजनीतिक उलटफेर की संभावनाएं नजर आने लगी हैं. हालांकि इस बार उद्धव गुट की शिवसेना में नहीं बल्कि एनसीपी में हलचल नजर आ रही है. पिछले कई दिनों से एनसीपी और भाजपा के बीच गठबंधन होने की अटकलें लगाई जा रही हैं. गठबंधन पर पत्रकारों की सवालों का केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने जवाब देते हुए आशंकाओं को और बढ़ा दिया है. उन्होंने बीजेपी-एनसीपी के गठबंधन की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘राजनीति में चर्चा होती रहती है।
वहीं उद्धव ठाकरे और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल की मुलाकात पर टिप्पणी करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि जनता कभी भी महागठबंधन को स्वीकार नहीं करेगी. उन्होंने कहा, ‘सभी भ्रष्ट पार्टीयां एक-दूसरे का मदद ले रही हैं. लेकिन लोगों ने न कभी महागठबंधन को स्वीकार किया है और ना ही करेगी. वे केवल भ्रष्टाचार को छुपाने की कोशिश कर रहे हैं. खुद को जेल जाने से बचा रहे हैं और अपनी राजनीतिक मौजूदगी को बचाने की कोशिश कर रहे है
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने उन विपक्षी पार्टियों को भी आड़े हाथों लिया, जो यूपी की कानून व्यवस्था पर टिप्पणी कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘जब माफिया आम लोगों को और बिजनेसमैन को मारते हैं तब कोई नेता बयान नहीं देता है. माफियाओं को पूर्व सरकारें सुरक्षा मुहैया कराती थीं. सवाल यह उठता है कि ये सभी नेता अब क्यों टिप्पणी कर रहे हैं
संजय राउत ने किया था दावा
बता दें कि कुछ दिन पहले उद्धव गुट वाली शिवसेना के नेता संजय राउत ने दावा किया था कि एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने उद्धव ठाकरे से वादा किया है कि भले ही कुछ विधायक पार्टी छोड़कर चले जाएं. लेकिन एनसीपी का बीजेपी से गठबंधन नहीं होगा. राउत ने दावा किया था कि शरद पवार ने उद्धव ठाकरे से कहा था कि कोई पाला नहीं बदलना चाहता. लेकिन परिवार को निशाना बनाया जा रहा है. अगर कोई साथ छोड़ने का व्यक्तिगत निर्णय लेता है तो यह उनका निजी फैसला होगा. लेकिन पार्टी के रूप में हम भाजपा के साथ कभी नहीं जाएंगे
विश्वभारत News Website