मौत का स्विमिंग पूल बनी क्रेशर की खदान! नहाने उतरे 3 युवकों…!
टेकचंद्र शास्त्री:
9822550220
सागर। मध्यप्रदेश के सागर में एक क्रेशर खदान के गहरे पानी में नहाने गए तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। सात दोस्तों का समूह यहां पिकनिक मनाने और नहाने पहुंचा था, जिनमें से तीन गहराई का अंदाजा न होने के कारण डूब गए। हादसे के बाद इलाके में मातम पसर गया। करीब 24 घंटे के रेस्क्यू के बाद तीनों युवकों के शव 30 फीट की गहराई से बाहर निकाले जा सके…
मध्यप्रदेश के सागर जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां बहेरिया थाना क्षेत्र के गुड़ा गांव में सात दोस्तों की मस्ती मातम में बदल गई। क्रेशर की एक खाली पड़ी खदान, जिसमें करीब 30 फीट पानी भरा था, वहां नहाने उतरे तीन युवक गहरे पानी में समा गए। शुक्रवार दोपहर हुए इस हादसे के बाद शनिवार दोपहर तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर तीनों शवों को बाहर निकाल लिया गया है।
सागर के बहेरिया इलाके के गुड़ा में खाली पड़ी क्रेशर खदान के पानी में नहाने गए तीन युवक डूब गए
जानकारी के अनुसार, कैंट क्षेत्र के सात दोस्त शुक्रवार को गुड़ा के पास स्थित खदान में नहाने पहुंचे थे। नहाते समय तीन दोस्त-अभिषेक उर्फ अध्धा (20 वर्ष), तनिश कोरी (19 वर्ष) और तेजराम पटेल (20 वर्ष) गहराई का अंदाजा न होने के कारण डूबने लगे। साथ में मौजूद अन्य चार दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी गहरा होने के कारण वे सफल नहीं हो सके।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची। शुक्रवार रात को ही सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसमें अभिषेक का शव बरामद कर लिया गया था। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू रोकना पड़ा, जिसे शनिवार सुबह दोबारा शुरू किया गया। लंबी मशक्कत के बाद टीम ने तनीश और तेजराम के शवों को भी तलाश लिया।
CM मोहन यादव ने जताया शोक, आर्थिक मदद के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि तत्काल प्रदान करने के निर्देश दिए हैं
विश्वभारत News Website