Breaking News

(भाग-27) श्रीमद भगवत गीता में आत्म साक्षात्कार का परमलक्ष्य भगवान श्रीकृष्ण आनन्द कंद श्रीकृष्ण चंद्र है

Advertisements

(भाग:27) श्रीमद् भगवत गीता में आत्म साक्षात्कार का परमलक्ष्य भगवान आनन्द कंद श्री कृष्णचंद्र हैं

Advertisements

✍️टेकचंद्र सनोडिया शास्त्री:की रिपोर्ट

Advertisements

श्रीमद भगवत गीता में भगवान श्रीकृष्ण कहते है कि समस्त यज्ञ और तपों को भोगने वाला सम्पूर्ण लोकों का महेश्वर तथा सभी प्राणियों को सदा अभय देने वाला, कृपा करने वाला स्वार्थ रहित मित्र हूँ। जो आत्म स्थित मुझे इस प्रकार तत्व से जानता है वह आत्म स्वरूप होकर स्वयं ज्ञान को प्राप्त कर परमशान्ति को प्राप्त हो जाता है।
जीव अनेक जन्मों तक अपने श्रद्धानुसार व नियमानुसार भक्ति अनुष्ठानों को करता हुआ एक ऐसी स्थिति में पहुँच जाता है जब उसको दिव्यज्ञान होता है।

बहूनां जन्मनामन्ते ज्ञानवान्मां प्रपद्यते।
वासुदेवः सर्वमिति स महात्मा सुदुर्लभः।।

भावर्थ- भगवान श्री कृष्ण अर्जुन से कहते हैं- जीवत्मा को अनेक जन्म के पश्चात जब वास्तव में ज्ञान हो जाता है तो वह मुझको समस्त कारणों का कारण जानकर मेरी शरण में आ जाता है। ऐसा महात्मा बहुत ही दुर्लभ होता है।

दर्शनिक व आध्यात्मिक व्याख्या- जीव अनेक जन्मों तक अपने श्रद्धानुसार व नियमानुसार भक्ति अनुष्ठानों को करता हुआ एक ऐसी स्थिति में पहुँच जाता है जब उसको दिव्यज्ञान होता है।अब दिव्यज्ञान को समझना होगा। आत्मसाक्षात्कार का परमलक्ष्य श्री कृष्ण हैं। कई जन्मों की भक्ति के सतत अभ्यास से उसकी आसक्ति भौतिक पदार्थों से हटती जाती है और वह भगवान का होता चला जाता है तथा अंत में वह परमात्मा की शरण ग्रहण कर लेता है।

अब वह ज्ञान की इस स्थिति में आ गया है कि वह हर सुख दुख को भगवान का प्रसाद मान कर ग्रहण कर लेता है क्योंकि वो कृष्ण भक्ति प्राप्त कर चुका है इसलिए उसको किसी भी हर्ष व विषाद का आभाष नहीं होता है। अब वह केवल कृष्ण को ही भजता है।उसी का चिंतन करता है। भक्ति रस में मदमस्त ऐसा महात्मा दुर्लभ ही होता है क्योंकि अब उसको शरणागति प्राप्त हो चुकी है। अब उसके लिए भौतिक जगत व्यर्थ है व केवल श्री कृष्ण की शरणागति ही सर्वस्व है।

वर्तमान समय में इस श्लोक की प्रासंगिकता- आज जब हम भौतिक सुखों की तरफ दौड़ रहे हैं। हमने बड़े बड़े मकान,कई घर,महंगी कार,स्वर्ण व हीरे के आभूषण, पद व प्रतिष्ठा को प्राप्त करने के लिए लालायित हैं।सोचो साथ क्या जाएगा?जाएगा सिर्फ आपका पुण्य,आपके अच्छे कर्म,दान व भक्ति।तो प्रयास उसका करें जो कई जन्मों तक काम आए।इसलिए समस्त कारणों के कारण भगवान की शरण में आ जाओ।अभी भी समय है।ऐसा करके आप दुर्लभ महात्मा बनके भगवान के प्रिय बन जाएंगे।

ज्ञानविज्ञानतृप्‍तात्मा कूटस्थो विजितेन्द्रिय: ।
युक्त इत्युच्यते योगी समलोष्ट्राश्मकाञ्चन: ॥ ८ ॥

शब्दार्थ
ज्ञान—अर्जित ज्ञान; विज्ञान—अनुभूत ज्ञान से; तृप्त—सन्तुष्ट; आत्मा—जीव; कूट स्थ:—आध्यात्मिक रूप से स्थित; विजित-इन्द्रिय:—इन्द्रियों को वश में करके; युक्त:—आत्म-साक्षात्कार के लिए सक्षम; इति—इस प्रकार; उच्यते—कहा जाता है; योगी—योग का साधक; सम—समदर्शी; लोष्ट्र—कंकड़; अश्म—पत्थर; काञ्चन:— स्वर्ण ।.

अनुवाद
वह व्यक्ति आत्म-साक्षात्कार को प्राप्त तथा योगी कहलाता है जो अपने अर्जित ज्ञान तथा अनुभूति से पूर्णतया सन्तुष्ट रहता है। ऐसा व्यक्ति अध्यात्म को प्राप्त तथा जितेन्द्रिय कहलाता है। वह सभी वस्तुओं को—चाहे वे कंकड़ हों, पत्थर हों या कि सोना—एकसमान देखता है।

तात्पर्य
परम सत्य की अनुभूति के बिना कोरा ज्ञान व्यर्थ होता है। भक्तिरसामृत सिन्धु में (१.२.२३४) कहा गया है—

अत: श्रीकृष्णनामादि न भवेद् ग्राह्यमिन्द्रियै:।
सेवोन्मुखे हि जिह्वादौ स्वयमेव स्फुरत्यद: ॥

“कोई भी व्यक्ति अपनी दूषित इन्द्रियों के द्वारा श्रीकृष्ण के नाम, रूप, गुण तथा उनकी लीलाओं की दिव्य प्रकृति को नहीं समझ सकता। भगवान् की दिव्य सेवा से पूरित होने पर ही कोई उनके दिव्य नाम, रूप, गुण तथा लीलाओं को समझ सकता है।”

यह भगवद्गीता कृष्णभावनामृत का विज्ञान है। मात्र संसारी विद्वत्ता से कोई कृष्णभावनाभावित नहीं हो सकता। उसे विशुद्ध चेतना वाले व्यक्ति का सान्निध्य प्राप्त होने का सौभाग्य मिलना चाहिए। कृष्णभावनाभावित व्यक्ति को भगवत्कृपा से ज्ञान की अनुभूति होती है, क्योंकि वह विशुद्ध भक्ति से तुष्ट रहता है। अनुभूत ज्ञान से वह पूर्ण बनता है। आध्यात्मिक ज्ञान से मनुष्य अपने संकल्पों में दृढ़ रह सकता है, किन्तु मात्र शैक्षिक ज्ञान से वह बाह्य विरोधाभासों द्वारा मोहित और भ्रमित होता रहता है। केवल अनुभवी आत्मा ही आत्मसंयमी होता है, क्योंकि वह कृष्ण की शरण में जा चुका होता है। वह दिव्य होता है क्योंकि उसे संसारी विद्वत्ता से कुछ लेना-देना नहीं रहता। उसके लिए संसारी विद्वत्ता तथा मनोधर्म, जो अन्यों के लिए स्वर्ण के समान उत्तम होते हैं, कंकड़ों या पत्थरों से अधिक नहीं होते।

अर्जुन ने कहा: हे कृष्ण! उस असफल योगी की गति क्या है जो प्रारम्भ में श्रद्धापूर्वक आत्म-साक्षात्कार की विधि ग्रहण करता है, किन्तु बाद में भौतिकता के करण उससे विचलित हो जाता है और योगसिद्धि को प्राप्त नहीं कर पाता ?

अर्जुन उवाच
अयतिः श्रद्धयोपेतो योगच्चलितमानसः |
अप्राप्य योगसंसिद्धिं कां कृष्ण गच्छति || ३७ ||

अर्जुनः उवाच – अर्जुन ने कहा; अयतिः – असफल योगी; श्रद्धया – श्रद्धा से; उपेतः – लगा हुआ, संलग्न; योगात् – योग से; चलित – विचलित; मानसः – मन वाला; अप्राप्य – प्राप्त न करके; योग-संसिद्धिम् – योग की सर्वोच्च सिद्धि को; काम् – किस; गतिम् – लक्ष्य को; कृष्ण – हे कृष्ण; गच्छति – प्राप्त करता है |
भावार्थ
अर्जुन ने कहा: हे कृष्ण! उस असफल योगी की गति क्या है जो प्रारम्भ में श्रद्धापूर्वक आत्म-साक्षात्कार की विधि ग्रहण करता है, किन्तु बाद में भौतिकता के करण उससे विचलित हो जाता है और योगसिद्धि को प्राप्त नहीं कर पाता ?
तात्पर्य
भगवद्गीता में आत्म-साक्षात्कार या योग मार्ग का वर्णन है | आत्म-साक्षात्कार का मूलभूत नियम यह है कि जीवात्मा यह भौतिक शरीर नहीं है, अपितु इससे भिन्न है और उसका सुख शाश्र्वत जीवन, आनन्द तथा ज्ञान में निहित है | ये शरीर तथा मन दोनों से परे हैं | आत्म-साक्षात्कार की खोज ज्ञान द्वारा की जाती है | इसके लिए अष्टांग विधि या भक्तियोग का अभ्यास करना होता है | इनमें से प्रत्येक विधि में जीव को अपनी स्वाभाविक स्थिति, भगवान् से अपने सम्बन्ध तथा उन कार्यों की अनुभूति प्राप्त करनी होती है, जिनके द्वारा वह टूटी हुई शृंखला को जोड़ सके और कृष्णभावनामृत की सर्वोच्च सिद्ध-अवस्था प्राप्त कर सके | इन तीनों विधियों में से किसी का भी पालन करके मनुष्य देर-सवेर अपने चरम लक्ष्य को प्राप्त होता है | भगवान् ने द्वितीय अध्याय में इस पर बल दिया है कि दिव्यमार्ग में थोड़े से प्रयास से भी मोक्ष की महती आशा है | इन तीनों में से इस युग के लिए भक्तियोग विशेष रूप से उपयुक्त है, क्योंकि ईश-साक्षात्कार की यह श्रेष्ठतम प्रत्यक्ष विधि है, अतः अर्जुन पुनः आश्र्वस्त होने की दृष्टि से भगवान् कृष्ण से अपने पूर्वकथन की पुष्टि करने को कहता है | भले ही कोई आत्म-साक्षात्कार के मार्ग को निष्ठापूर्वक क्यों न स्वीकार करे, किन्तु ज्ञान की अनुशीलन विधि तथा अष्टांगयोग का अभ्यास इस युग के लिए सामान्यतया बहुत कठिन है, अतः निरन्तर प्रयास होने पर भी मनुष्य अनेक कारणों से असफल हो सकता है | पहला कारण यो यह हो सकता है कि मनुष्य इस विधि का पालन करने में पर्याप्त सतर्क न रह पाये | दिव्यमार्ग का अनुसरण बहुत कुछ माया के ऊपर धावा बोलना जैसा है | फलतः जब भी मनुष्य माया के पाश से छूटना चाहता है, तब वह विविध प्रलोभनों के द्वारा अभ्यासकर्ता को पराजित करना चाहती है | बद्धजीव पहले से प्रकृति के गुणोंद्वारा मोहित रहता है और दिव्य अनुशासनों का पालन करते समय भी उसके पुनः मोहित होने की सम्भावना बनी रहती है | यही योगाच्चलितमानस अर्थात् दिव्य पथ से विचलन कहलाता है | अर्जुन आत्म-साक्षात्कार के मार्ग से विचलन के प्रभाव के सम्बन्ध में जिज्ञासा करता है

Advertisements

About विश्व भारत

Check Also

दुुर्भावनाओं के आवेश में गंधी राजनीति की वजह से हिंदू धर्म बदनाम

दुुर्भावनाओं के आवेश में गंधी राजनीति की वजह से हिंदू धर्म बदनाम टेकचंद्र शास्त्री: 9822550220 …

जितना दुष्प्रचार घृणा और नफरत फैलाएंगे : हिंदू धर्म उतना ही मजबूत होगा

जितना दुष्प्रचार घृणा और नफरत फैलाएंगे : हिंदू धर्म उतना ही मजबूत होगा टेकचंद्र शास्त्री: …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *